करीब दो घंटे तक चली जांच, संदिग्ध चावल का सैंपल लिया गया; दोपहिया वाहन से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चावल लाने की भी चर्चा
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव , जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल की कथित कालाबाजारी का मामला एक बार फिर चर्चा में है। कोण्डागांव स्थित माजीसा राइस मिल में पीडीएस चावल खपाए जाने के आरोप को लेकर स्थानीय पत्रकारों ने प्रशासन से शिकायत की। शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक मिल में जांच-पड़ताल की। इस दौरान टीम ने संदिग्ध चावल का सैंपल लेकर जांच के लिए संग्रहित किया।
पत्रकारों की शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन
जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर एक स्थानीय पत्रकार ने एसडीएम कोण्डागांव असवन पुसाम को फोन कर माजीसा राइस मिल में पीडीएस चावल खपाए जाने की सूचना दी थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने जांच टीम भेजने की बात कही। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और मिल में उपलब्ध चावल की जांच शुरू की।
दोपहिया वाहन से चावल लाने की चर्चा
मामले में चर्चा है कि एक अज्ञात व्यक्ति दोपहिया वाहन के माध्यम से चावल लेकर राइस मिल पहुंचा था, जिसे मिल में खपाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, चावल कहां से लाया गया था और इसे मिल तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर यह चावल किस स्रोत से आया था? इसे मिल तक कौन लेकर पहुंचा और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दो घंटे चली जांच, संदिग्ध चावल का लिया गया सैंपल
शिकायत के बाद मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने करीब दो घंटे तक राइस मिल में जांच-पड़ताल की। इस दौरान संदिग्ध चावल का नमूना एकत्र कर जांच के लिए लिया गया। अब सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे चावल की वास्तविक स्थिति और उसकी प्रकृति के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासन की निष्पक्षता की होगी परीक्षा
इस पूरे मामले में केवल चावल का सैंपल लेकर जांच करना ही पर्याप्त नहीं होगा। चावल के वास्तविक स्रोत का पता लगाना, दोपहिया वाहन से उसे लाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करना और मिल तक चावल पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की जांच करना भी जरूरी है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता और निष्पक्षता से जांच आगे बढ़ाता है। जांच में चावल के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो पाता है या नहीं, इस पर स्थानीय लोगों और आम नागरिकों की नजर बनी हुई है।
नोट: फिलहाल पीडीएस चावल खपाए जाने का आरोप है। इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही हो सकेगी।








