स्व सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार, आर्थिक आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, केशकाल शहर में महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने शनिवार को नवनिर्मित ‘मोर सुआद दीदी की रसोई’ कैंटीन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन एवं बिहान मिशन के अंतर्गत शुरू की गई इस पहल से स्व सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। कोण्डागांव के बाद अब केशकाल में भी कैंटीन शुरू होने से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
महिलाओं की सामूहिक शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है ‘मोर सुआद’
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। बिहान स्व सहायता समूह महिलाओं के संगठन, आर्थिक उन्नति और सामाजिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि ‘मोर सुआद’ केवल खान-पान की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सामूहिक प्रयास, आत्मविश्वास और आर्थिक प्रगति का प्रतीक है। समूह की महिलाओं को अपनी पहचान और सामूहिक शक्ति पर गर्व करना चाहिए तथा बिना किसी संकोच के आगे बढ़कर विकास के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। शासन-प्रशासन महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
केशकाल में विकास कार्यों को मिल रही नई गति
विधायक टेकाम ने केशकाल क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केशकाल मुख्य सड़क का निर्माण किया गया है। इसके अलावा केशकाल घाटी बायपास सहित क्षेत्र में कई निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यटन और व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होगा केशकाल
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि केशकाल बस्तर संभाग का प्रवेश द्वार है। बस्तर के समग्र विकास के लिए केशकाल का विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दृष्टिकोण से केशकाल को प्रमुख व्यावसायिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ‘मोर सुआद दीदी की रसोई’ के माध्यम से यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को भोजन, वॉशरूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बस्तर की संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को मिलेगी पहचान
कलेक्टर ने कहा कि इस पहल के माध्यम से बस्तर की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को भी व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इससे स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही स्व सहायता समूह की महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और समूह की महिलाओं की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मरकाम, लंबोदर सलाम, संतोष सिन्हा, विजय पोया, सरपंच रूप सिंह कचलाम सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम दिलीप उइके, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, एनआरएलएम के डीएमएम विनय सिंह, डीपीएम दुर्योधन मेघ एवं कुंजलाल सिंहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बिहान स्व सहायता समूह की महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








