Buy Advt. Space

पटवारियों की हड़ताल के समर्थन में उतरी कांग्रेस, मोहन मरकाम ने सरकार को घेरा

By

40 दिनों से पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत पटवारियों को कांग्रेस का समर्थन, किसानों और आम जनता की परेशानी पर जताई चिंता

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में विगत 13 अक्टूबर 2026 से अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे जिला पटवारी संघ के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी पहुंचे। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता मोहन मरकाम ने पटवारियों की मांगों का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

सरकार की उदासीनता पर मोहन मरकाम ने उठाए सवाल

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। पटवारी संघ लगभग 40 दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। सरकार की उदासीनता और हठधर्मिता के कारण आम जनता एवं किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पटवारियों की हड़ताल से किसान सबसे ज्यादा प्रभावित

मोहन मरकाम ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। पहले से ही गिरदावरी संबंधी समस्याओं से जूझ रहे किसानों को धान खरीदी के निर्धारित समय में अपनी उपज बेचने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में दिक्कतें हो रही हैं। किसान अपने जरूरी कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और संवादहीनता का खामियाजा प्रदेश के किसानों और आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

पटवारी संघ की पांच सूत्रीय मांगों को कांग्रेस का समर्थन

मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है। पटवारी संघ की पांच सूत्रीय मांगों को जायज बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन देती है। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर पटवारी संघ से तत्काल बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का सम्मानजनक समाधान निकालना चाहिए।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार जनविरोधी और किसान विरोधी बनकर रह गई है। जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव शकूर खान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन, देवेंद्र कोर्राम, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमा देवांगन, प्रदेश प्रवक्ता शिल्पा देवांगन, सुखराम पोयाम, जेठू पोयाम, अनिल कोर्राम, शहर उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, शहर महामंत्री सनी चोपड़ा, मंडल अध्यक्ष सेवक दीवान, इरसाद खान, योगेंद्र राठौर, जयराम मरकाम, ब्रिज शोरी, समलु राम देवांगन सहित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment