विधायक लता उसेंडी ने दी ग्रामीणों को विकास कार्यों की सौगात, पुल-पुलिया और सड़क निर्माण से आवागमन होगा आसान
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने शुक्रवार को कोपाबेड़ा और भीरागांव ‘ब’ के ग्रामीणों को 2 करोड़ 42 लाख 85 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर विधायक ने दोनों स्थानों पर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।
2 करोड़ 31 लाख की लागत से बनेगी 2 किलोमीटर सड़क
भूमिपूजन के तहत कोपाबेड़ा नारियल प्लांट से भीरागांव मार्ग तक पुल-पुलिया सहित 2 किलोमीटर लंबाई की सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 2 करोड़ 31 लाख 60 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
भीरागांव ‘ब’ में बनेगी 400 मीटर सीसी रोड
इसी क्रम में ग्राम पंचायत भीरागांव ‘ब’ के देवखरगांव अंतर्गत नयापारा पहुंच मार्ग पर 400 मीटर लंबाई में सीसी रोड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इस कार्य की स्वीकृत लागत 11 लाख 25 हजार रुपये है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को गांव के भीतर आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
इन दोनों विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। विशेष रूप से पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण से गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को आवागमन के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, श्री धंजू मरकाम, श्री प्रदीप कुमार नाग, श्री रामलाल सलाम, श्री कुलवंत सिंह चहल, श्री नागेश देवांगन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








