Buy Advt. Space

पुलिस सैलरी पैकेज से दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिवार को मिली 1.10 करोड़ की बीमा सहायता

By

सड़क दुर्घटना में हुई थी प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह मण्डावी की असामयिक मृत्यु, पत्नी श्यामा बाई मण्डावी को मिला जीवन बीमा का लाभ

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह मण्डावी के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता मिली है। भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से उनकी पत्नी श्रीमती श्यामा बाई मण्डावी को 1 करोड़ 10 लाख रुपये की जीवन बीमा सहायता प्रदान की गई है। इस पहल से दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार को आर्थिक संबल मिला है।

सड़क दुर्घटना में हुआ था प्रधान आरक्षक का निधन

प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह मण्डावी, क्रमांक 49, थाना माकड़ी में पदस्थ थे। वे थाना माकड़ी से गिरफ्तारी वारंटी शिवलाल नेताम को न्यायालय कोण्डागांव में पेश करने के लिए लेकर आ रहे थे। इसी दौरान पलारी रोड हाईवे पेट्रोल पंप के पास बायपास रोड पार करते समय केशकाल की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक CG06 HB 8812 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

इस सड़क दुर्घटना में 10 अप्रैल 2026 को प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह मण्डावी का असामयिक निधन हो गया था।

पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिला बीमा लाभ

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिसकर्मियों के भविष्य एवं उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक के साथ पुलिस सैलरी पैकेज के लिए एमओयू किया गया है। इसी योजना के तहत दिवंगत प्रधान आरक्षक की नामिनी पत्नी श्रीमती श्यामा बाई मण्डावी को 1,10,00,000 रुपये (एक करोड़ दस लाख रुपये) की जीवन बीमा सहायता प्रदान की गई।

पुलिस अधीक्षक के प्रयासों से मिली सहायता

इस प्रकरण में पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) द्वारा विशेष प्रयास किए गए। उनके मार्गदर्शन में पुलिस सैलरी पैकेज के तहत बीमा राशि दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री सिद्धार्थ बघेल, उप निरीक्षक श्री उमेश मिश्रा, भारतीय स्टेट बैंक केशकाल के बैंक मैनेजर श्री जीवन हेम्वरम, एसबीआई कलेक्ट्रेट शाखा कोण्डागांव के प्रबंधक श्री पुरुषोत्तम गुरु तथा एसबीआई लाइफ के कांकेर रीजन एरिया मैनेजर श्री राम कुमार देवांगन सहित कार्यालयीन स्टाफ एवं दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिजन उपस्थित रहे।

बीमा प्रक्रिया में सहयोग करने वाले कर्मचारियों की सराहना

पुलिस सैलरी पैकेज के तहत बीमा राशि दिलाने की प्रक्रिया में मुख्य लिपिक श्री प्रकाश मिंज, स्टेनो श्री डी.पी. नाग, उप निरीक्षक (अ) श्री नेतराम दीवान एवं प्रधान आरक्षक क्रमांक 242 श्री हरिशचन्द्र दुरेन्द्र का सराहनीय योगदान रहा।

इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया। पुलिस सैलरी पैकेज के माध्यम से दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार को मिली यह सहायता उनके भविष्य की आर्थिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Comment