एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर के भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आदिम जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय कोण्डागांव में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले को लगभग 40 करोड़ 40 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जनजातीय समाज के प्रमुखों की उपस्थिति में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का हुआ स्मरण
कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रमुखों, मांझी-चालकी, गायता-पुजारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर महापुरुषों के योगदान, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को याद करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना रहा।
एकलव्य विद्यालय शामपुर के भवन निर्माण पर होंगे 40 करोड़ रुपये खर्च
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जनजातीय समाज के वरिष्ठजनों ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इनमें एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर के भवन निर्माण कार्य की लागत लगभग 40 करोड़ रुपये निर्धारित है। इस निर्माण से जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
आश्रम और छात्रावासों में बनेंगे शौचालय भवन
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले में दो अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।
- माकड़ी विकासखंड के कन्या आश्रम माकड़ी में 20 लाख रुपये की लागत से शौचालय निर्माण।
- ग्राम पंचायत शामपुर के प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में 20 लाख रुपये की लागत से शौचालय भवन निर्माण।
इन निर्माण कार्यों से जनजातीय क्षेत्रों के शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, श्री मनोज जैन, श्री जितेन्द्र सुराना, श्री हरपाल सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष श्री मानकु नेताम, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर अध्यक्ष श्री सुकमन नेताम तथा नगर पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री कृपेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, जनजातीय समाज के प्रमुख, मांझी-चालकी एवं गायता-पुजारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास को भी नई गति देने का प्रयास किया गया।








