Buy Advt. Space

जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का भव्य समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हुए सम्मानित

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव। जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का समापन बुधवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही संभाग स्तरीय बस्तर ओलम्पिक के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, कराटे, वॉलीबॉल, फुटबॉल और तीरंदाजी सहित विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया गया। सभी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

कराते और वेटलिफ्टिंग में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान

कराते प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम वर्ग में सुलोचना नेताम ने प्रथम तथा त्रिदर्शी मड़में ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 55 किलोग्राम वर्ग में पूजा कोर्राम प्रथम, ज्योति नेताम द्वितीय और हस्तिना पोयाम तृतीय स्थान पर रहीं। 61 किलोग्राम वर्ग में अमरीका यादव ने प्रथम तथा राजेश्वरी मरकाम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वेटलिफ्टिंग के 49 किलोग्राम भार वर्ग में देवकी मरकाम ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रीति नेताम द्वितीय और अमीका नेताम तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार कराते के 53 किलोग्राम वर्ग में निरजला नेताम प्रथम, लक्ष्मी यादव द्वितीय और ममिता कोर्राम तृतीय स्थान पर रहीं।

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में केशकाल के नवीन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में कोण्डागांव के बुद्धेश्वर नेताम और 400 मीटर दौड़ में समीर पोयाम प्रथम रहे। लंबी कूद में नवीन ने प्रथम, दुर्गेश ने द्वितीय और ज्योतिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में गौरव बंजारे (कोण्डागांव), 200 मीटर दौड़ में जगदीश नेताम (फरसगांव), 400 मीटर दौड़ में अक्षय मरकाम तथा लंबी कूद में गौरव बंजारे ने प्रथम स्थान हासिल किया। रिले दौड़ सहित अन्य एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कुश्ती, कबड्डी और अन्य खेलों में भी दिखा उत्साह

प्रतियोगिता के दौरान कुश्ती की विभिन्न श्रेणियों के साथ कबड्डी, खो-खो, कराटे, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और भाला फेंक सहित अन्य खेलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

ग्रामीण और जनजातीय प्रतिभाओं को मिल रहा आगे बढ़ने का अवसर : लता उसेंडी

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक दूरस्थ ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने, खेल भावना बनाए रखने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, श्री मनोज जैन, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, श्री जितेन्द्र सुराना, श्री कुलवंत चहल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुश्री सुधा कुमार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment