साइबर अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति और महिला-बाल सुरक्षा पर दी जानकारी, ग्रामीणों को पुलिस से सीधे जुड़ने के लिए किया प्रेरित
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोंडागांव पुलिस द्वारा लगातार सामुदायिक पुलिसिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना ईरागांव पुलिस ने ग्राम बुईकी जुगानार के साप्ताहिक बाजार में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को विभिन्न अपराधों से बचाव तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
एसपी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ जनजागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (IPS) के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी ईरागांव श्री नरेश सलाम ने किया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और पुलिस की कार्यप्रणाली एवं सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया।
साइबर ठगी से बचने के लिए 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
यातायात नियमों का पालन करने की दी समझाइश
यातायात जागरूकता के तहत पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
नशे के दुष्प्रभाव बताकर नशामुक्त समाज का दिया संदेश
नशामुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों को शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
नए आपराधिक कानूनों और नागरिक अधिकारों की दी जानकारी
कार्यक्रम में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को नए आपराधिक कानूनों, उनके कानूनी अधिकारों और पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।
महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
महिला एवं बाल सुरक्षा के तहत घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण और साइबर बुलिंग जैसे अपराधों की जानकारी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार का अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आएं।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
पुलिस ने बताया कि सहयोग चौपाल एवं चलित थाना का मुख्य उद्देश्य पुलिस सेवाओं को ग्रामीणों के नजदीक पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना और अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है। ग्रामीणों से अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार, महिला एवं बाल अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की गई।
कोंडागांव पुलिस ने बताया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
कोंडागांव पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।








