ब्रेथ एनालाइजर जांच में 228 एमजी/100 एमएल अल्कोहल की पुष्टि, न्यायालय ने सुनाया जुर्माना
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ केशकाल पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शराब के नशे में खतरनाक तरीके से ट्रक चलाने वाले चालक के खिलाफ पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां न्यायालय ने चालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया ट्रक चालक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को सुबह 9:30 बजे विश्रामपुरी चौक केशकाल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के पास पुलिस टीम द्वारा पेट्रोलिंग पार्टी के साथ वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG-08-AH-5071 का चालक शराब के नशे में खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने तत्काल ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की पुष्टि
पूछताछ में चालक ने अपना नाम ईमरान खान, पिता ईमाम खान, उम्र 42 वर्ष, निवासी मोहदा, थाना मोहदा, जिला अमीरपुर, उत्तर प्रदेश बताया। चालक के मुंह से शराब की गंध आने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें चालक के शरीर में 228 एमजी/100 एमएल अल्कोहल की मात्रा पाई गई।
मोटरयान अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई
जांच में शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर चालक का कृत्य मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत दंडनीय पाया गया। इसके बाद केशकाल पुलिस ने चालक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की और इस्तगाशा तैयार कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय द्वारा आरोपी ट्रक चालक को 10,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक रितेश मिश्रा, उप निरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उप निरीक्षक सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम एवं मेहतूराम मंडावी, आरक्षक मनोहर निषाद, धर्मेंद्र नेगी, उमेश मानिकपुरी और अनिल कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
केशकाल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।








