दूरस्थ क्षेत्रों में सप्ताह में कम से कम दो दिन भ्रमण करें अधिकारी, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने और दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी उपस्थित रहे। वहीं बस्तर सांसद महेश कश्यप वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। इसके अलावा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सहित शासी परिषद के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
माओवाद की समाप्ति के बाद बस्तर के समग्र विकास पर जोर : भोजराज नाग
बैठक को संबोधित करते हुए कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 40 वर्षों तक माओवाद के कारण बस्तर क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ गया था। अब नक्सलवाद की समाप्ति के साथ केंद्र और राज्य सरकार का पूरा ध्यान बस्तर के समग्र विकास पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संसाधनों की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा की भावना से काम करते हुए जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करना चाहिए।
उन्होंने माओवाद की समाप्ति के बाद युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा : लता उसेंडी
कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन और छात्रावासों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। इसके लिए अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों से पूरी जवाबदेही के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की।
सप्ताह में दो दिन दूरस्थ क्षेत्रों का भ्रमण करें अधिकारी : नीलकंठ टेकाम
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि कोंडागांव जिला विकसित भारत की परिकल्पना का अभिन्न हिस्सा है। यहां की शिल्पकला, संस्कृति, रहन-सहन, कानून व्यवस्था और कृषि की अपनी विशिष्ट पहचान है।
उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि सप्ताह में कम से कम दो दिन दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों का भ्रमण करें और वहां की समस्याओं तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें।
उन्होंने कहा कि पहले नक्सलवाद के कारण इन क्षेत्रों में पहुंचने में कठिनाइयां और भय की स्थिति रहती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। ऐसे में अधिकारियों को दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करना चाहिए।
धान खरीदी की तैयारियों की कलेक्टर ने दी जानकारी
बैठक में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने जिले में धान खरीदी की तैयारियों के संबंध में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी सुनिश्चित करने, सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने और अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों पर जोर
बैठक में जनहित से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन, शासकीय योजनाओं के प्रभावी संचालन और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से सेवा भाव, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जिले के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।








