Buy Advt. Space

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिलेभर में होंगे विविध आयोजन, 11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह

By

डॉ. सुबाहु कश्यप बोले– जनजातीय महापुरुषों के योगदान और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसी उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कोण्डागांव जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। प्रेस वार्ता में जनजातीय गौरव दिवस के प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक डॉ. सुबाहु कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष देश के लिए प्रेरणास्रोत

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. सुबाहु कश्यप ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक हैं। 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया और जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में बिरसा मुंडा का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके संघर्ष, त्याग और साहस की गाथा आज भी समाज को अपने अधिकारों और स्वाभिमान के प्रति जागरूक करती है।

केंद्र सरकार की योजनाओं से जनजातीय विकास को मिल रही गति

डॉ. कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि पीएम जनमन अभियान के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) तक आवास, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके अलावा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन धन विकास केंद्र, छात्रवृत्ति योजनाएं और सिकल सेल उन्मूलन मिशन जैसी योजनाएं जनजातीय समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

11 से 18 नवंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

भाजपा की निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान जिलेभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

  • 14 नवंबर: जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई और दीपोत्सव।
  • 15 नवंबर: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रतिमाओं एवं स्मारकों पर माल्यार्पण और जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन।
  • 16 से 18 नवंबर: विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम।

इसके साथ ही छात्रावास संपर्क अभियान, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वाभिमान सम्मेलन, खेलकूद प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता अभियान भी आयोजित किए जाएंगे।

नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी जननायकों की शौर्यगाथा

डॉ. कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज भारतीय संस्कृति और विरासत का अभिन्न अंग है। जनजातीय महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से समाज को अपने इतिहास, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

प्रेस वार्ता में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा महामंत्री अनिल अग्रवाल, जितेन्द्र सुराना, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन, अनिता नेताम, ईना श्रीवास्तव, बालसिंह बघेल सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment