Buy Advt. Space

केशकाल घाट में ओवरटेकिंग को लेकर विवाद, तलवार से हमला करने वाला ट्रेलर चालक गिरफ्तार; भेजा गया जेल

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। केशकाल, केशकाल घाट क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी कर गलत तरीके से ओवरटेकिंग करना एक वाहन चालक को भारी पड़ गया। ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में दूसरे ट्रेलर चालक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार तलवार से हमला कर दिया। मामले में केशकाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

ओवरटेकिंग के बाद बीच सड़क पर रोका वाहन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे तारसेन सिंह (57 वर्ष), निवासी जनता कॉलोनी हिरापुर, रायपुर अपने साले हिरासिंह के साथ 18 चक्का ट्रेलर क्रमांक NL-01-AE-7424 में लोहे की रेल पटरी लेकर रायपुर से वारंगल जा रहे थे।

इसी दौरान केशकाल स्थित गिरिदीप स्कूल के पास एनएच-30 मुख्य मार्ग पर ट्रेलर क्रमांक CG-07-DC-7213 के चालक विक्रम सिंह ने गलत तरीके से ओवरटेक कर उनका वाहन रास्ते में रोक दिया।

विवाद के बाद तलवार निकालकर किया हमला

ओवरटेकिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ट्रेलर चालक विक्रम सिंह ने तारसेन सिंह और हिरासिंह के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने ट्रेलर वाहन से धारदार तलवार निकालकर दोनों पर हमला कर दिया।

आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

घटना की शिकायत पर केशकाल पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह पिता बख्शीस सिंह, निवासी अर्जुन नगर सुपेला, जिला दुर्ग के विरुद्ध थाना केशकाल में अपराध क्रमांक 187/2026 दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक रितेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक सुरेश मरकाम एवं हेमंत देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राखी यादव, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम एवं विनय बघेल, महिला प्रधान आरक्षक बिमला मंडावी सहित आरक्षक धर्मेंद्र नेगी, मनोहर निषाद, सदासिंह नेताम, लिलेश्वर ध्रुव, महिला आरक्षक सुमन आयाम, सोनल यादव एवं गोसै अनिल कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संदेश: यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर संयम बनाए रखें और विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें।

Leave a Comment