ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले के फर्सगांव थाना क्षेत्र में मंदिरों की दान पेटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गायत्री शक्तिपीठ मंदिर और हनुमान मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों रुपये की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी सहित चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड और आरी ब्लेड बरामद कर जब्त किया है।
मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर की थी चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जगदेव मरकाम, पिता सराद राम मरकाम, उम्र 27 वर्ष, निवासी छिंदली ने 8 अक्टूबर 2026 को थाना फर्सगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे गायत्री मंदिर के चैनल गेट में ताला लगाकर मंदिर के बगल स्थित हॉल में सो गए थे।
8 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे जब वे पूजा करने मंदिर पहुंचे, तो चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के अंदर जाकर देखने पर दान पेटी गायब थी। जांच करने पर पता चला कि हनुमान मंदिर में भी चोरी हुई है। अज्ञात चोर मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर करीब 3 हजार रुपये निकाल ले गया था। दोनों मंदिरों से कुल लगभग 43 हजार रुपये की चोरी की गई थी।
पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फर्सगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक साहू ने विशेष टीम गठित की।
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और जांच के आधार पर संदेही हरेन्द्र गुप्ता, उम्र 21 वर्ष, निवासी नेहरू पारा कोण्डागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने 7 अक्टूबर की मध्यरात्रि से 8 अक्टूबर की सुबह के बीच गायत्री शक्तिपीठ मंदिर और हनुमान मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
चोरी की रकम निकालकर दान पेटी झाड़ियों में फेंकी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गायत्री शक्तिपीठ मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी से रुपये निकालकर फर्सगांव स्टेडियम ग्राउंड के पास झाड़ियों में फेंक दी थी। इसके बाद हनुमान मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर वहां रखी दान पेटी से भी रुपये चोरी किए।
मोबाइल, नगदी और चोरी में प्रयुक्त औजार जब्त
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने करीब 10 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन, 500 रुपये नगद, शाक्तिपीठ मंदिर की दान पेटी, एक लोहे का रॉड और एक आरी ब्लेड बरामद किया है। सभी सामग्रियों को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
मामले में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(4) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को 12 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक संदीप सिंह, सउनि भोजराज भास्कर, प्रधान आरक्षक गोविंद सोम तथा आरक्षक अर्जुन बघेल एवं मनोज बट्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








