Buy Advt. Space

कभी गूंजती थीं बंदूकें, अब दीपों से जगमगा रहे गांव; नक्सल मुक्त बस्तर में पुलिस ने ग्रामीणों संग मनाई दीपावली

By

अंधकार से उजाले और भय से विश्वास की ओर बढ़ते कदम, अंदरूनी एवं पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में पुलिस ने मिठाई और पटाखे बांटकर साझा की खुशियां

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, बस्तर में शांति और विश्वास की नई तस्वीर अब गांवों में दिखाई देने लगी है। कभी जिन अंदरूनी और दूरस्थ गांवों में नक्सलवाद के कारण भय और बंदूकों की गूंज सुनाई देती थी, आज उन्हीं गांवों में दीपों की रोशनी और खुशियों के बीच दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। इसी बदलाव की सुखद तस्वीर कोंडागांव जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में देखने को मिली, जहां कोंडागांव पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दीपावली का त्योहार उत्साह और उल्लास के साथ मनाया।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मनाई दीपावली

दिनांक 8 नवंबर 2026 को लक्ष्मी पूजा के अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के नक्सल मुक्त गांवों में दीपावली कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दूरस्थ और अंदरूनी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ आत्मीयता से त्योहार की खुशियां साझा कीं। गांव के गायता, पुजारी, सिरहा, मांझी एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ देवालयों में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई।

गायता, पुजारी, सिरहा और मांझी का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान गांव के पारंपरिक पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। वहीं महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को मिठाई एवं पटाखे वितरित किए गए। पुलिस और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस पहल से पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और भाईचारे को और मजबूती मिली। ग्रामीणों ने भी पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर उत्साहपूर्वक दीपावली मनाई।

सात गांवों में पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर बांटी खुशियां

जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में दीपावली कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत उप पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र पुजारी के नेतृत्व में थाना बयानार अंतर्गत ग्राम पेरमापाल, एसडीओपी कोंडागांव श्री रूपेश कुमार के नेतृत्व में ग्राम आमगांव में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इसी प्रकार उप पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में थाना मर्दापाल अंतर्गत ग्राम पुसपाल, उप पुलिस अधीक्षक श्री अरुण नेताम के नेतृत्व में पुलिस सहायता केंद्र कुएमारी, थाना धनोरा अंतर्गत ग्राम कुदालवाही तथा निरीक्षक श्री रामेन्द्र सिंह के नेतृत्व में ग्राम हाटचपई में दीपावली मनाई गई।

वहीं उप निरीक्षक श्री अखिलेश धीवर के नेतृत्व में थाना उरंदाबेड़ा अंतर्गत ग्राम कसई फरसगांव और उप निरीक्षक श्री तरुण मैती के नेतृत्व में थाना पुंगारपाल अंतर्गत ग्राम मटवाल में ग्रामीणों के साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं। इन सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

दशकों के संघर्ष के बाद बस्तर में शांति और विकास की नई उम्मीद

बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष कई दशकों तक चला। इस दौरान पुलिस, सुरक्षा बलों, प्रशासन और स्थानीय जनता ने कठिन परिस्थितियों में मिलकर मुकाबला किया। इस संघर्ष में अनेक जवानों और आम नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। कई गांवों में भय, हिंसा और विकास की कमी के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।

लगातार सुरक्षा अभियान, आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास की पहल के साथ सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से नक्सलवाद कमजोर हुआ। लंबे संघर्ष के बाद 31 मार्च 2026 को बस्तर को नक्सलमुक्त घोषित किया गया। अब क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास की नई संभावनाएं दिखाई दे रही हैं।

हर गांव तक शांति और विकास का उजाला पहुंचाना पुलिस का संकल्प

कोंडागांव पुलिस की यह पहल नक्सल मुक्त बस्तर में बदलते सामाजिक वातावरण और पुलिस-जनता के बीच मजबूत होते विश्वास का प्रतीक है। पुलिस का संकल्प है कि जिले के प्रत्येक गांव तक शांति और विकास का उजाला पहुंचे तथा हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए।

बंदूकों की गूंज अब इतिहास बने, दीपों की रोशनी से बस्तर का भविष्य उज्ज्वल बने।

Leave a Comment