ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजस्थान के एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 407.910 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा XUV-500 कार भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा और केशकाल एसडीओपी श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गांजा एवं शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 3 नवंबर 2026 को केशकाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिल्वर रंग की महिंद्रा XUV-500 कार क्रमांक OD-10-V-7053 में अवैध गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रुकवाकर जांच की।
राजस्थान निवासी आरोपी के कब्जे से मिला गांजा
वाहन की जांच के दौरान चालक ने अपना नाम दीपक कुमार माली (31 वर्ष), पिता गोपाल लालजी माली, निवासी नाथूखेड़ी, वार्ड क्रमांक 06, तहसील गोतारसी, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान बताया।
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से रेडमी कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
78 पैकेट में छिपाकर रखा था 407 किलो गांजा
वाहन के डैशबोर्ड के अंदर बने हिस्से, ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में भूरे रंग के सेलोटेप से पैक किए गए 78 संदिग्ध गांजे के पैकेट मिले। इनका कुल वजन 407.910 किलोग्राम पाया गया।
वाहन की तलाशी के दौरान एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर RJ-23-UB-8472 अंकित था। पुलिस ने गांजा, वाहन, मोबाइल और नकदी सहित बरामद सामग्री को मौके पर जब्त कर लिया।
2.18 करोड़ रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत 2,03,95,500 रुपये तथा महिंद्रा XUV-500 कार की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार गांजा और वाहन सहित कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 2,18,96,600 रुपये है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार माली के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम एवं सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम एवं संजय बिसेन तथा आरक्षक सदासिंह नेताम, मनोहर निषाद, धर्मेन्द्र नेगी, रामुलाल नेताम, दिनेश मरकाम, अजय सलाम, सहायक आरक्षक उमेश दास मानिकपुरी और नगर सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








