Buy Advt. Space

ग्राम पंचायत करंजी में धूमधाम से मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस

By

लोकगायक सिद्धार्थ महाजन और बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप ने किया आयोजन, ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गाया राज्य गीत

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत करंजी के सामुदायिक भवन में 1 नवंबर को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, बच्चों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध लोकगायक सिद्धार्थ महाजन और उनकी टीम के विशेष प्रयासों से संपन्न हुआ।

छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुई शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अगरबत्ती जलाकर, तिलक लगाकर और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। पूजा-अर्चना ग्राम पंचायत के सरपंच विनोद नेताम के कर-कमलों द्वारा संपन्न कराई गई।

ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गाया राज्य गीत

पूजा-अर्चना के पश्चात उपस्थित ग्रामीणों, बच्चों और गणमान्य नागरिकों ने गर्व और उत्साह के साथ छत्तीसगढ़ का राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ सामूहिक रूप से गाया। इस दौरान प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और गौरव के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला।

सरपंच विनोद नेताम ने दी स्थापना दिवस की बधाई

इस अवसर पर ग्राम पंचायत करंजी के सरपंच विनोद नेताम ने सभी ग्रामवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व पर भी जोर दिया।

ग्रामीणों की सहभागिता से उत्सव बना खास

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत करंजी के सरपंच विनोद नेताम, महादेव कोराम, पंच कोराम, मान्कु शोढ़ी, सुंदरबत्ती कोराम, सरिता सोढ़ी और सनवारी कोर्राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं उत्साही बच्चे उपस्थित रहे।

सभी की सहभागिता से समारोह उत्साहपूर्ण और यादगार बना। आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और राज्य के गौरव के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

Leave a Comment