30 से अधिक उद्यमियों ने लिया हिस्सा, बैंक ऋण योजनाओं और वित्तपोषण के विकल्पों की मिली जानकारी
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिला पंचायत सभा कक्ष, कोण्डागांव में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा कृषि विकास सहकारी समिति के संयुक्त तत्वावधान में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय की RAMP योजना के अंतर्गत वैकल्पिक वित्तपोषण पद्धति एवं SME एक्सचेंज पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के 30 से अधिक हितग्राहियों एवं उद्यमियों ने भाग लेकर व्यवसाय के विस्तार, वित्तीय सहायता और शासकीय योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
बैंक ऋण योजनाओं और वित्तपोषण के विकल्पों पर दी जानकारी
कार्यशाला की अध्यक्षता जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री हिमालय सेठिया ने की। कार्यक्रम में उपस्थित विषय विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने उद्यमियों को व्यवसाय संचालन, वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक श्री शिशुपाल ने बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने उद्यमियों को व्यवसाय की आवश्यकताओं के अनुरूप बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा
सहायक संचालक श्री वीरेंद्र ताण्डेकर ने स्थानीय उद्यमियों को व्यवसाय संचालन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत होते हुए उनके समाधान के उपाय सुझाए। उन्होंने उद्यमियों को व्यवसाय से संबंधित चुनौतियों को दूर करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
SME एक्सचेंज और वैकल्पिक वित्तपोषण पर विशेष सत्र
कृषि विकास सहकारी समिति के श्री शक्ति सिंह ने वैकल्पिक वित्तपोषण पद्धतियों एवं SME एक्सचेंज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था के माध्यम से उद्यमियों को वित्तपोषण के विभिन्न विकल्पों और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहयोग प्रदान किया जाता है।
कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को वित्तीय संसाधनों के वैकल्पिक माध्यमों से परिचित कराना तथा उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।
अधिकारियों और उद्यमियों का जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोण्डागांव की सहायक प्रबंधक श्रीमती नम्रता एल्मा ने कार्यशाला को सफल बनाने के लिए उपस्थित अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों, विषय विशेषज्ञों एवं उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








