पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की दिलाई गई शपथ
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केंद्र, थाना केशकाल, थाना विश्रामपुरी तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल कोण्डागांव में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री वीडियो का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माण की दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों एवं रक्षित केंद्र की आरोहण कोचिंग के विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माण पर आधारित वीडियो दिखाया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रतिमा की 182 मीटर ऊंचाई तथा राष्ट्रीय एकता के प्रतीक के रूप में उसके महत्व की जानकारी दी गई।
वीडियो में बताया गया कि देश के विभिन्न गांवों से लोहा और मिट्टी एकत्र करने की पहल ने इस प्रतिमा को जनभागीदारी और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनाया। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल के देश की एकता और अखंडता में दिए गए योगदान को दर्शाती है।
थानों और शैक्षणिक संस्थानों में भी हुए कार्यक्रम
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर थाना केशकाल में थाना स्टाफ की बैठक आयोजित कर वीडियो के माध्यम से सरदार पटेल के योगदान की जानकारी दी गई। इसी प्रकार थाना विश्रामपुरी के अंतर्गत आईटीआई एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को भी डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।
कोण्डागांव के स्वामी आत्मानंद स्कूल में भी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं पुलिसकर्मियों में राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की ली शपथ
वीडियो प्रदर्शन के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों तथा राष्ट्र की एकता को मजबूत बनाने के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए देश की एकता एवं अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।








