विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 2 से 5 नवंबर तक होंगी आयोजित, जिला स्तरीय मुकाबले नवंबर के दूसरे सप्ताह में
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बस्तर ओलंपिक 2026 के सफल आयोजन को लेकर कोण्डागांव जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में जिले के समस्त व्यायाम अनुदेशकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खिलाड़ियों के अधिक से अधिक पंजीयन तथा विकासखंड एवं जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं के व्यवस्थित आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
30 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीयन
बैठक में सभी व्यायाम अनुदेशकों को बस्तर ओलंपिक में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन कराएं।
2 से 5 नवंबर तक होंगी विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं
बैठक में विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 के आयोजन की तिथियों पर चर्चा की गई। इसके तहत विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 2 से 5 नवंबर 2026 के मध्य आयोजित की जाएंगी। वहीं, जिला स्तरीय प्रतियोगिता नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में आयोजित करने की योजना है।
विजेताओं को मिलेंगे 4 हजार रुपये तक के पुरस्कार
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में व्यक्तिगत खेलों के विजेताओं को निर्धारित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 1,000 रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, दलीय खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 4,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र भी मिलेंगे
प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को मेरिट प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी खेल उपलब्धियों को पहचान मिलेगी।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने तथा विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।
जिला प्रशासन द्वारा बस्तर ओलंपिक 2026 के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों से निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कर प्रतियोगिता में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।








