Buy Advt. Space

सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों को लेकर भीम आर्मी ने सौंपा 22 सूत्रीय ज्ञापन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भीम आर्मी–भारत एकता मिशन, जिला कोण्डागांव ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने केंद्र एवं राज्य सरकार से ज्ञापन में शामिल मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग

ज्ञापन में महिला आरक्षण में दलित, आदिवासी एवं अति पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी गई। इसके साथ ही OBC समाज को लोकसभा एवं विधानसभा में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व तथा SC, ST और OBC वर्गों को राज्यसभा एवं विधान परिषद में प्रभावी प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई।

संगठन ने जाति जनगणना में OBC वर्ग के लिए पृथक एवं स्पष्ट आंकड़े दर्ज करने की मांग भी उठाई।

शिक्षा और रोजगार में समान अवसर पर जोर

भीम आर्मी ने उच्च न्यायपालिका में SC, ST एवं OBC वर्गों के प्रभावी प्रतिनिधित्व, OBC की बैकलॉग रिक्तियों को समयबद्ध तरीके से भरने और पदोन्नति में आरक्षण की मांग की। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा में समान अवसर उपलब्ध कराने तथा SC/ST Act के मामलों में पीड़ितों को प्रभावी सहायता एवं न्याय सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

सरकारी ठेकों और खरीद में भागीदारी की मांग

ज्ञापन में सरकारी ठेकों एवं सरकारी खरीद में SC, ST और OBC वर्गों को उचित अवसर देने की मांग की गई। साथ ही निजी क्षेत्र में प्रतिनिधित्व एवं सामाजिक न्याय से संबंधित प्रभावी नीति बनाने, केंद्र एवं राज्य सरकारों में लंबित बैकलॉग पदों को भरने तथा लेटरल एंट्री एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग रखी गई।

भेदभाव रोकने और सामाजिक सुरक्षा की मांग

संगठन ने जाति आधारित भेदभाव एवं सामाजिक उत्पीड़न को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की। SC, ST एवं OBC अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव रोकने के लिए निगरानी तंत्र विकसित करने और छात्रावास सुविधाओं के विस्तार की मांग भी की गई।

कॉन्ट्रैक्ट एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सेवा-सुरक्षा, समान कार्य के लिए समान वेतन, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, बीमा एवं अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।

बस्तर में प्रभावित परिवारों के अधिकारों का मुद्दा

ज्ञापन में बस्तर एवं संवेदनशील क्षेत्रों की समस्याओं में मानवाधिकार तंत्र और जनप्रतिनिधियों की प्रभावी भागीदारी की मांग की गई। वहीं खनन एवं विकास परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, पुनर्वास, आजीविका, नियमानुसार रोजगार एवं अन्य वैधानिक लाभ सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

संबंधित विभागों तक ज्ञापन भेजने की मांग

भीम आर्मी–भारत एकता मिशन ने कहा कि 22 सूत्रीय मांगें सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों से संबंधित हैं। संगठन ने ज्ञापन को संबंधित सक्षम प्राधिकारी एवं मंत्रालयों तक भेजकर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा कार्रवाई से संगठन को अवगत कराने की मांग की।

ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष हेम सिंह मौर्य, जिला उपाध्यक्ष कवल सिंह सोढ़ी, जिला सचिव गौरी शंकर नाग, जिला प्रवक्ता पी.एल. विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष बनी राम नेताम, सहसचिव कमलनाथ कश्यप, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष शिव लाल यादव, जिला मीडिया प्रभारी आशीष मौर्य सहित रामेश्वर कश्यप, फूलमन नेताम और जानकू सोढ़ी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment