Buy Advt. Space

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की

By

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिजिटल सेवाओं को प्रभावी बनाने पर जोर

कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यों को त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए संचालित डिजिटल पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने आईगॉट कर्मयोगी में अधिकारियों-कर्मचारियों का पंजीयन बढ़ाने, ईएचआरएमएस में पंजीयन सुनिश्चित करने, ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों के संचालन तथा सेवा सेतु में लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

एचपीवी टीकाकरण और पंचायतों के निरीक्षण के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बालिकाओं के अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायतों के नोडल अधिकारियों को अपने-अपने पंचायतों के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनने को कहा गया। साथ ही छात्रावासों एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

आश्रम-छात्रावासों में स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान

कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावासों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मलेरिया की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसान पंजीयन की समीक्षा

बैठक में जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति बढ़ाने के लिए सभी राजस्व अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।

निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, स्वास्थ्य विभाग के भवनों सहित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में आवश्यक गति लाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला स्तरीय अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment