ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव ने 20 जुलाई 2026 को संसद मार्च के दौरान विद्यार्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर/एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लेने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन
सीपीआई ने अपने ज्ञापन में कहा कि देशभर के विद्यार्थी पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। पार्टी का आरोप है कि 20 जुलाई को संसद की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे विद्यार्थियों और उनके समर्थकों पर पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया, जिससे कई छात्र घायल हुए।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार के हनन का आरोप
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। सीपीआई ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
सीपीआई ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर शिक्षा व्यवस्था में हो रही अनियमितताओं की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की मांग की। ज्ञापन में शिक्षा मंत्री के लिए तैयार किया गया एक इस्तीफा प्रारूप भी संलग्न किया गया, जिसे प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का अनुरोध किया गया।
तिलक पाण्डे का बयान
सीपीआई के सचिव मंडल सदस्य तिलक पाण्डे ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का प्रारूप पहले से तैयार कर ज्ञापन के साथ भेजा गया है, ताकि वे केवल हस्ताक्षर या अंगूठा लगाकर अपना त्यागपत्र दे सकें।
ये रहे मौजूद पदाधिकारी
ज्ञापन सौंपने के दौरान सीपीआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के राज्य सचिव के. साजी के निर्देश पर सचिव मंडल सदस्य तिलक पाण्डे, जिला सचिव शैलेष, सहायक सचिव जयप्रकाश, दिनेश, लक्ष्मण, रामचंद, सोमारू, घसिया राम, सुकलाल, मानसिंग, गोबरू, महादेव, बुधराम, विनोद, शोभाराम, चैतूराम, परसूराम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








