ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोंडागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 285.284 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब, कार, मोबाइल और नकदी सहित कुल 5,24,520 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुर से जगदलपुर की ओर एक ग्रे रंग की मारुति स्विफ्ट कार (CG 09 JA 1140) में अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नया बस स्टैंड के आगे एनएच-30 स्थित चिखलपुटी तिराहे पर नाकाबंदी की।
पुलिस को टक्कर मारकर भागने का किया प्रयास
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। पुलिस के अनुसार आरोपी ने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए पुलिस की स्कॉर्पियो को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने वाहन को घेरकर रोक लिया।
32 पेटियों में मिली अंग्रेजी शराब
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 32 पेटियों में 285.284 बल्क लीटर गोवा व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,14,380 रुपये बताई गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, पांच लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने मामले में नरेंद्र निषाद (23 वर्ष) और राहुल राजभर (26 वर्ष), दोनों निवासी कुरूद कोहका, जामुल (जिला दुर्ग) को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने—
- 285.284 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब (कीमत 2,14,380 रुपये)
- दो मोबाइल फोन (10,000 रुपये)
- मारुति स्विफ्ट कार (3 लाख रुपये)
- 140 रुपये नकद
सहित कुल 5,24,520 रुपये की संपत्ति जब्त की।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में थाना कोतवाली कोंडागांव में अपराध क्रमांक 222/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक पिताम्बर कठार, आरक्षक सूखीराम राजपूत, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अजय बघेल, आरक्षक संतोष कोडीपी, बिरजू सोरी, बिजु यादव तथा चंदन यादव की विशेष भूमिका रही।








