Buy Advt. Space

राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस ने मांगी सुप्रीम कोर्ट निगरानी जांच

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे और चंदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर गंभीर सवाल उठाए हैं। जगदलपुर विधानसभा के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर जुटाई गई श्रद्धालुओं की आस्था और धन का दुरुपयोग हुआ है तथा पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए।

‘आस्था के साथ विश्वासघात’ का आरोप

रेखचंद जैन ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और नैतिक चेतना के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से चंदा दिया, लेकिन अब उसी धन और मंदिर में मिले चढ़ावे को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उनके अनुसार यह केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ विश्वासघात है।

भाजपा और आरएसएस पर लगाए गंभीर आरोप

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा, आरएसएस और संघ परिवार के अन्य संगठनों ने वर्षों तक राम मंदिर आंदोलन के नाम पर राजनीति की और चंदा एकत्र किया। उन्होंने दावा किया कि रामशिला पूजन के दौरान 1400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि एकत्रित हुई थी, जिसका पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

केंद्र सरकार से पूछे तीन सवाल

पत्रकार वार्ता में रेखचंद जैन ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख सवाल रखे—

  • यदि ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ, तो कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी किसकी है?
  • यदि सब कुछ सही था, तो चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों हुए?
  • यदि कोई गड़बड़ी नहीं हुई, तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच से परहेज क्यों किया जा रहा है?

फॉरेंसिक ऑडिट और एफआईआर की मांग

कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए। साथ ही चंपत राय, अनिल मिश्रा सहित कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। पार्टी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग करने तथा चंदे और चढ़ावे का पूर्ण फॉरेंसिक ऑडिट कराने की भी मांग की।

पत्रकार वार्ता में रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में जिला कार्यकारी प्रभारी महामंत्री हेमू पंडित, जिला महामंत्री जेपी यादव, जिला उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, जिला सचिव सुरेंद्र मिश्रा एवं बंटी शर्मा, शहर उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, शहर महामंत्री सनी चोपड़ा, बाबा खान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment