ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा एवं चंदा चोरी की कथित घटना के विरोध में सोमवार को जिला मुख्यालय कोंडागांव में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि घोष के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
रैली में बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ता
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रभु श्रीराम मंदिर देश की आस्था का प्रमुख केंद्र है और वहां चढ़ावे एवं चंदे में कथित अनियमितता बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम सहित कई नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पंचायत राज प्रकोष्ठ के महेंद्र नेताम, जिला महामंत्री जे.पी. यादव, गीतेश गांधी, विशाल शर्मा, कोषाध्यक्ष हरमोहन कोहली, कोंडागांव शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करण, केशकाल ब्लॉक अध्यक्ष राजेश नेताम, देवेंद्र कोर्राम, महिला शहर अध्यक्ष हेमा देवांगन, शहर उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, शहर महामंत्री सनी चोपड़ा सहित मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष राज मरकाम एवं वर्षा यादव की भी सक्रिय सहभागिता रही। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों को शीघ्र एवं कड़ी सजा दिलाने की मांग की।








