ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिला अधिवक्ता संघ, कोण्डागांव के वर्ष 2026 के चुनाव सोमवार को संपन्न हुए। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया, जबकि शेष सभी पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता दीपक ठाकुर ने दोबारा जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार संघ की कमान संभाली।
अध्यक्ष पद पर दीपक ठाकुर की शानदार जीत
अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कुल 83 मतदाताओं में से अधिवक्ता दीपक ठाकुर को 62 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता प्रशांत मिश्रा को 11 मत मिले। इस प्रकार दीपक ठाकुर ने 51 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
चुनाव में दीपक ठाकुर के पैनल के सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। इनमें उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता नरेंद्र देवांगन, सचिव पद पर सगा राम कोर्राम, सह सचिव पद पर अधिवक्ता निशा वासनिकर, कोषाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता नरेश नाइक तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अधिवक्ता गोपाल दीक्षित, संजय शार्दुल, गौरव जैन और प्रशांत दत्ता निर्वाचित हुए। क्रीड़ा सचिव पद पर अधिवक्ता नितेश जैन निर्विरोध चुने गए।
रिक्त पदों पर होगा मनोनयन
संघ के अनुसार महिला उपाध्यक्ष, महिला ग्रंथपाल, महिला कार्यकारिणी सदस्य तथा सांस्कृतिक सचिव के रिक्त पदों पर आगामी दिनों में मनोनयन के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी।
अधिवक्ता हित और जनहित में कार्य जारी रहेंगे
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अधिवक्ता दीपक ठाकुर ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, उनकी सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए संघ लगातार कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध आवश्यक और कड़ी कार्रवाई के लिए संघ हमेशा सजग रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कोण्डागांव में उपभोक्ता फोरम एवं श्रम न्यायालय की लिंक कोर्ट की स्थापना के लिए पूर्व कार्यकाल में किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाकर उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
सफल कार्यकाल पर मिला भरोसा
संघ के पूर्व सह सचिव एवं वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य अधिवक्ता गौरव जैन ने कहा कि यह जीत पिछले दो वर्षों के सफल कार्यकाल और अधिवक्ता हित में किए गए कार्यों पर सदस्यों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ आगे भी अधिवक्ता हित और जनहित के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
बधाइयों का लगा तांता
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं एवं नगरवासियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक ठाकुर तथा सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, संघ के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा सभी ने नवगठित कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।








