Buy Advt. Space

जर्जर प्रवेश द्वार बड़े हादसे को दे रहा न्योता, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल

By

रवि गहने घुमका (राजनांदगांव)। नगर पंचायत घुमका का मुख्य प्रवेश द्वार इन दिनों पूरी तरह जर्जर और खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जनसुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह प्रवेश द्वार नगर के सबसे व्यस्त मार्ग पर स्थित है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसी मार्ग पर तहसील कार्यालय, महाविद्यालय, विभिन्न शासकीय कार्यालय, व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा अन्य महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। विद्यार्थी, कर्मचारी, किसान, व्यापारी और आम नागरिक प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार प्रवेश द्वार की संरचना काफी कमजोर हो चुकी है। कई जगहों पर गहरी दरारें दिखाई दे रही हैं और इसकी हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि तेज बारिश, आंधी या किसी अन्य कारण से यह कभी भी गिर सकता है। यदि ऐसा हुआ तो बड़ी जनहानि के साथ भारी आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।

नगरवासियों का कहना है कि लंबे समय से प्रवेश द्वार की बदहाल स्थिति बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। लोगों ने मांग की है कि तत्काल तकनीकी जांच कराकर आवश्यकतानुसार प्रवेश द्वार की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए।

नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए। जनहित और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Comment