Buy Advt. Space

कोण्डागांव को मिला देश का पहला नीति तारा टूलकिट

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा विकसित ‘नीति तारा’ (टूलकिट फॉर एनालिसिस, रिव्यू एंड एक्शन) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गुरुवार को कलेक्टोरेट कोण्डागांव के सभा कक्ष में प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कोण्डागांव जिला देश का पहला जिला बना, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर नीति तारा टूलकिट प्रदान किया गया।

राज्य नीति आयोग की संयुक्त निदेशक ने दी विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य नीति आयोग की संयुक्त निदेशक डॉ. नीतु गोर्डिया ने नीति तारा टूलकिट की उपयोगिता और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म डेटा विश्लेषण, समीक्षा और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं, बताया लाभकारी पहल

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने नीति तारा टूलकिट के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यशाला सभी विभागों के लिए उपयोगी साबित होगी और इसके सकारात्मक परिणाम जिले के विकास कार्यों में देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई भी उपस्थित रहे।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम से जुड़े विभागीय नोडल अधिकारी, विभाग प्रमुख, इंडिकेटर हेड्स तथा बेसलाइन कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान नीति तारा प्लेटफॉर्म के माध्यम से डेटा विश्लेषण, प्रगति समीक्षा, लक्ष्य आधारित कार्ययोजना निर्माण और संकेतकों की निगरानी संबंधी विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि सहित कई क्षेत्रों पर फोकस

कार्यशाला में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना, सामाजिक विकास, पशुपालन, एनआरएलएम/बिहान तथा टीबी स्वास्थ्य से जुड़े संकेतकों की समीक्षा और डेटा प्रबंधन की प्रक्रिया पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को डेटा गुणवत्ता सुनिश्चित करने और साक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

बेहतर डेटा विश्लेषण से विकास संकेतकों में आएगा सुधार

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रमों के अंतर्गत बेहतर डेटा विश्लेषण और साक्ष्य आधारित निर्णय प्रक्रिया को मजबूत बनाना है, ताकि विभिन्न विकास संकेतकों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में नीति आयोग के पब्लिक पॉलिसी स्पेशलिस्ट डॉ. अमृत पाल कौर, कंसल्टेंट हिमानी सचदेवा, मानस थपलियाल, शिवम मिश्रा, मेधा माथुर, आरोशी विज सहित नीति आयोग के इंप्लीमेंटिंग पार्टनर एडसिल/स्कूल नेट के मास्टर ट्रेनर एवं तकनीकी विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Comment