ब्यूरो चीफ बन्नूराम कोंडागांव। कोंडागांव, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा संचालित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम ने एक बार फिर सफलता का नया अध्याय लिखा है। परिषद के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से जिले के विभिन्न विकासखंडों के 41 युवकों का अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है। चयनित युवाओं के सम्मान में शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
चयनित युवाओं का किया गया सम्मान
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा के निर्देशन तथा जिला अध्यक्ष सूरज यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में चयनित युवाओं को पुष्पमाला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।
चार विकासखंडों के युवाओं ने हासिल की सफलता
परिषद के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन का लाभ लेकर कोंडागांव, बड़ेराजपुर, फरसगांव और केशकाल विकासखंड के 41 युवकों ने अग्निवीर भर्ती में सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है।
पूर्व सैनिक अपने संसाधनों से कर रहे युवाओं का मार्गदर्शन
कार्यक्रम में बताया गया कि कोंडागांव जिले के पूर्व सैनिक अपने पेंशन से प्राप्त राशि का उपयोग कर बस्तर अंचल के युवाओं को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहे हैं। उनके इस प्रयास के कारण अनेक युवक-युवतियां बस्तर फाइटर, अर्धसैनिक बल, नगर सेना तथा जिला बल में चयनित होकर देश और समाज की सेवा कर रहे हैं।
विकासनगर स्टेडियम में प्रतिदिन दिया जाता है प्रशिक्षण
पूर्व सैनिकों द्वारा प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक विकासनगर स्टेडियम में निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण संचालित किया जाता है। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को सैन्य सेवाओं में चयनित होने के लिए तैयार करना है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बने पूर्व सैनिक
वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों का यह प्रयास बस्तर के युवाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उनके मार्गदर्शन और अनुभव का लाभ लेकर अनेक युवा अपने सपनों को साकार कर रहे हैं तथा राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
सम्मान समारोह में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सदस्य रतिराम सोरी, राकेश धीवर एवं ढालेश साहू सहित अन्य पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








