Buy Advt. Space

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में योजनाओं की प्रगति समीक्षा की

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

सुशासन तिहार और बस्तर मुन्ने शिविरों के आवेदनों पर विशेष फोकस

बैठक के दौरान कलेक्टर ने सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

किसानों को समय पर मिले खाद-बीज

कलेक्टर ने खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता तथा समयबद्ध वितरण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए।

स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा

बैठक में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण एवं निक्षय निरामय अभियान के तहत टीबी स्क्रीनिंग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए और स्वास्थ्य परीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों के निर्देश

आगामी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर ने विकासखंड स्तर पर व्यापक तैयारियां करने और सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।

उल्लास साक्षरता कार्यक्रम में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

कलेक्टर ने उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने के लिए चलाए जा रहे पंजीयन अभियान की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय योगदान देने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

आवास, सौर ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना तथा लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment