Buy Advt. Space

मर्दापाल में 4.06 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल मंडल के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर 4 करोड़ 6 लाख 67 हजार रुपए की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, सामुदायिक सुविधाओं तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

चांगेर और मूलनार में विकास कार्यों की शुरुआत

मंत्री कश्यप ने सबसे पहले ग्राम चांगेर में लगभग 77.96 लाख रुपए की लागत से पुलिया निर्माण, नवीन प्राथमिक शाला भवन, सीसी सड़क, रंगमंच एवं सामुदायिक भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

इसके बाद ग्राम मूलनार में लगभग 90.79 लाख रुपए की लागत से पुलिया, बाउंड्रीवाल, सीसी सड़क एवं अन्य आधारभूत संरचना विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।

कई पंचायतों में पुलिया और सामुदायिक भवन निर्माण को मिली मंजूरी

ग्राम पंचायत रानापाल, कोंगेरा, मुंगवाल एवं चेरंग में लगभग 28 लाख रुपए की लागत से पुलिया एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

वहीं ग्राम पंचायत हथकली, मटवाल, पेरमापाल, नरिहा एवं आदनार में लगभग 99.99 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, सीसी सड़क, नवीन शाला भवन एवं पुलिया निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।

बड़ेकुरुषनार में डिजिटल सुविधा केंद्र सहित कई निर्माण कार्य

मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम बड़ेकुरुषनार में लगभग 88.14 लाख रुपए की लागत से पुलिया, रंगमंच, आहाता, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, नवीन प्राथमिक शाला भवन, सांस्कृतिक भवन एवं पंचायत भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

इसके अतिरिक्त ग्राम बेचा में लगभग 21.79 लाख रुपए की लागत से रंगमंच एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगात दी।

ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, सामुदायिक अधोसंरचना और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क, बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और सामुदायिक भवन गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की आधारशिला हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न सेवाओं का लाभ गांव में ही उपलब्ध कराया जाएगा।

जीवन स्तर सुधारना सरकार का उद्देश्य

वन मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक गतिविधियों और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

Leave a Comment