ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को कोण्डागांव जिला मुख्यालय में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गति लाने, नई तकनीकों का उपयोग करने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वर्षा पूर्व तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कोंडागांव, केशकाल और फरसगांव नगरीय निकायों में वर्षा ऋतु से पहले आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क, पुल और पुलिया निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की बात कही।
केशकाल घाट बायपास से विकास को मिलेगी नई गति
श्री साव ने कहा कि कोण्डागांव जिला विकास की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। केशकाल घाट बायपास का निर्माण क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने और आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने की सलाह दी।
दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे विकास का लाभ
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित होने के कारण यह क्षेत्र लंबे समय तक विकास से वंचित रहा, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने अधिकारियों से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
नालियों की सफाई और पेयजल गुणवत्ता पर विशेष जोर
नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को वर्षा ऋतु से पूर्व नालियों की सफाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच, अधिकारियों के प्रातः भ्रमण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
जल जीवन मिशन और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों के कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
खेल गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर बल
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में खेल गतिविधियों का समन्वित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
बैठक में जल प्रदाय परियोजनाओं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), आकांक्षी शौचालय निर्माण, राजस्व वसूली तथा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर , पुलिस अधीक्षक , जिला पंचायत अध्यक्ष सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।








