ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बेलगांव स्थित डीएवी स्कूल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुश्री लता उसेंडी, वनमंडलाधिकारी श्री चूड़ामणि सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधे
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में निर्मित ग्रीन बाउंड्री वॉल एवं फेंसिंग के मध्य विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के महत्व का संदेश दिया गया।
सभी शासकीय संस्थानों में बनेगी ग्रीन बाउंड्री वॉल
इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि विद्यालयों को हरा-भरा और पर्यावरण अनुकूल बनाना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र के सभी शासकीय संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से ग्रीन बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की अपील
वनमंडलाधिकारी श्री चूड़ामणि ने विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत जिम्मेदारी है, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
कार्यक्रम में चंदन साहू, अनिल अग्रवाल, संजू पोयम, दीपेंद्र नाग, सुधर बघेल, ललित पोयम, भानु ठाकुर, रोशन सेन, श्रीमती रदमा बघेल, संतोषी देवांगन, श्रीमती श्यामवती नेताम, मेष लाल पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।








