ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागां, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
सुशासन तिहार और बस्तर मुन्ने शिविरों के आवेदनों पर विशेष जोर
बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने शिविरों में प्राप्त मांगों और शिकायतों के संवेदनशीलता के साथ निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए।
आवास और सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं विशेष आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश कृषि विभाग को दिए। उन्होंने कृषि आदानों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने तथा एग्रीस्टैक पंजीयन से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जोड़ने पर बल दिया।
प्रमाण-पत्रों के लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करने पर जोर
बैठक में जाति प्रमाण-पत्र और जन्म प्रमाण-पत्र के लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, लखपति दीदी योजना, स्वामित्व योजना के तहत अभिलेख वितरण, डिजिटल किसान किताब, बी-1 एवं खसरा वितरण सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की।
अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








