ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री खिलावन राम रीगरी की अध्यक्षता में सोमवार को पैरालीगल वालिंटियर्स (पीएलवी) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विधिक जागरूकता एवं जनहितकारी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
विभिन्न गतिविधियों और कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में पैरालीगल वालिंटियर्स द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में किए गए कार्यों, आयोजित विधिक साक्षरता शिविरों, लाभार्थियों को उपलब्ध कराई गई सहायता तथा आमजन की समस्याओं से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही, विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी घर-घर पहुंचाने के निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री खिलावन राम रीगरी ने पैरालीगल वालिंटियर्स को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पैरालीगल वालिंटियर्स न्याय व्यवस्था और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायता पर विशेष जोर
बैठक के दौरान बंदियों, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। न्यायालयीन सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
अधिक सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान
बैठक के अंत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी पैरालीगल वालिंटियर्स को अधिक सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने, जनसमस्याओं की जानकारी समय-समय पर प्राधिकरण तक पहुंचाने तथा शासन की विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रेशमा बैरागी पटेल, प्रतिधारक अधिवक्ता श्री सुरेन्द्र भट्ट सहित जिला कोण्डागांव एवं नारायणपुर में पदस्थ पैरालीगल वालिंटियर्स उपस्थित रहे।








