ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कोंडागांव नगर पालिका क्षेत्र के तहसीलपारा में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम एक दिव्यांग युवक के जीवन में नई उम्मीद लेकर आया। ग्राम सादाड़ी निवासी 19 वर्षीय दिव्यांग दिनेश कुमार को समाज कल्याण विभाग द्वारा बैटरी चलित ट्राइसिकल प्रदान की गई। इस पहल के पीछे स्थानीय पत्रकार खीरेंद्र यादव की सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता की अहम भूमिका रही।
पत्रकार की पहल से बदली दिनेश की जिंदगी
दिनेश कुमार की शारीरिक स्थिति और परिवार की आर्थिक परेशानियों को करीब से देखने के बाद पत्रकार खीरेंद्र यादव ने मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने दिनेश की समस्या को जिला प्रशासन तक पहुंचाने के लिए तत्काल प्रयास किए।
बताया जा रहा है कि पत्रकार की पहल के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महज एक दिन के भीतर प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ट्राइसिकल उपलब्ध कराई गई।
सुशासन तिहार में सौंपा गया ट्राइसिकल
तहसीलपारा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की अधिकारी श्रीमती ललिता लकड़ा की मौजूदगी में दिनेश कुमार को बैटरी चलित ट्राइसिकल सौंपी गई।
ट्राइसिकल मिलने के बाद दिनेश के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। अब उनके लिए रोजमर्रा की आवाजाही आसान हो जाएगी और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
लोगों ने की पत्रकार और प्रशासन की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पत्रकार खीरेंद्र यादव की संवेदनशीलता और प्रशासन की तत्परता की सराहना की। लोगों का कहना था कि जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाना ही वास्तविक सुशासन की पहचान है।
स्थानीय नागरिकों ने इसे पत्रकारिता और प्रशासन के सकारात्मक समन्वय का बेहतर उदाहरण बताया, जिसने एक जरूरतमंद युवक के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम किया।








