ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोंडागांव जिले की फरसगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को दिल्ली और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस पिछले तीन महीनों से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दिल्ली में लगातार 10 दिनों तक डेरा डालकर कार्रवाई की गई।
बीमा राशि दिलाने के नाम पर ठगी
पुलिस के अनुसार, फरसगांव थाना क्षेत्र के निवासी शंकरलाल राणा को नवंबर 2025 में एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वालों ने खुद को बीमा लोकपाल परिषद का एजेंट बताते हुए कहा कि उनके नाम पर बीमा स्टॉक एक्सचेंज में करीब 7 लाख रुपये की राशि जमा है, जिसे क्लेम नहीं किया गया है। आरोपियों ने प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर फर्जी दस्तावेज भेजे और अलग-अलग किश्तों में करीब 29 लाख 69 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए।
ऐसे करते थे साइबर ठगी
जांच में सामने आया कि गिरोह संगठित तरीके से साइबर अपराध को अंजाम देता था। आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनका उपयोग ठगी की रकम ट्रांसफर करने में करते थे। इसके बाद एटीएम, पासबुक और मोबाइल नंबर अपने पास रख लेते थे ताकि रकम आसानी से निकाली जा सके।
मुख्य आरोपी अलग-अलग आवाज में बात कर लोगों को झांसे में लेते थे। पुलिस से बचने के लिए वे कीपैड मोबाइल, फर्जी सिम और बार-बार लोकेशन बदलने जैसी तरकीबें अपनाते थे।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में लगातार तकनीकी विश्लेषण किया गया। मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद विशेष टीम को दिल्ली और उत्तर प्रदेश रवाना किया गया।
पहली बार गिरोह के मुख्य संचालक गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले 6-7 वर्षों से ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इस कार्रवाई में पहली बार गिरोह के मुख्य संचालक और कॉलर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोंडागांव लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- इसरार अहमद – संगम विहार, दिल्ली
- आकिल – हाल निवासी संगम विहार, दिल्ली
- शिवम गुप्ता – संगम विहार, दिल्ली
- नितिन कुमार त्यागी – गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
- रजा हुसैन – नई दिल्ली
- तरुण कौशिक – रोहतास नगर, दिल्ली
- प्रदीप बघेल – गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी अभिनव उपाध्याय, निरीक्षक राजकुमार सोरी, उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र ठाकुर, आरक्षक अजय बघेल सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








