ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले के विकासखंड केशकाल अंतर्गत ग्राम पंचायत आड़ेंगा में सुशासन तिहार के तहत आयोजित वृहद जनसमस्या निवारण शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना था।
प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद श्री भोजराज नाग, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल और जनपद अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने जल संसाधन, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, राजस्व, समाज कल्याण, उद्यानिकी एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर प्रभारी मंत्री ने सुपोषण आहार की जानकारी ली और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सहित विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर जागरूकता
जिला महिला सशक्तिकरण टीम द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण पर विशेष जानकारी दी गई। साथ ही भ्रूण हत्या, कन्या शिशु हत्या, बाल विवाह एवं महिलाओं के खिलाफ हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
हेल्पलाइन नंबर और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
ग्रामीण महिलाओं एवं किशोरियों को भारतीय न्याय संहिता, कार्यस्थल पर यौन प्रतिषेध नियम, टोन्ही प्रताड़ना अधिनियम, पॉक्सो एक्ट तथा महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई।
इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं स्वास्थ्य सेवा 102 की जानकारी भी साझा की गई। योजनाओं से संबंधित ब्रोशर वितरित कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश, प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्ञाना मंडावी, जिला मिशन समन्वयक श्रीमती रीना सिंह ठाकुर, जेंडर विशेषज्ञ माधुरी उसेंडी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








