ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले के केशकाल विकासखण्ड अंतर्गत स्थित प्राचीन गोबरहीन शिव मंदिर परिसर में सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सोमनाथ मंदिर में आयोजित समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक श्री नीलकंठ टेकाम द्वारा गोबरहीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास
अपने संबोधन में विधायक श्री टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का शुभारंभ अभिषेक कार्यक्रम के माध्यम से किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार पूरे जिले में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सांस्कृतिक विरासत एवं इतिहास को स्मरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गढ़धनोरा स्थित गोबरहीन मंदिर छठवीं शताब्दी की प्राचीन धरोहर है, जहां हर वर्ष महाशिवरात्रि पर विशाल मेले का आयोजन होता है। इस आयोजन से मंदिर को नई पहचान और व्यापक ख्याति मिलेगी।
पर्यटन विकास के लिए तैयार हो रही कार्ययोजना
विधायक श्री टेकाम ने बताया कि गोबरहीन मंदिर क्षेत्र को संरक्षित करने एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक आक्रमणों के बावजूद मंदिर की आस्था और परंपरा को समाप्त नहीं किया जा सका।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह पर्व स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है।
जिले को मिलेगी नई सांस्कृतिक पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विधायक के मार्गदर्शन में गढ़धनोरा क्षेत्र के संरक्षण एवं सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने कहा कि यह पहल जिले को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक दृष्टि से नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन रहे उपस्थित
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, श्री संतोष कटारिया, श्री राजकिशोर राठी, श्री वीरेंद्र बघेल, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार श्री गणेश सिदार, जनपद पंचायत सीईओ श्री अनुराग सिन्हा, सरपंच गढ़धनोरा, सरपंच बटराली सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








