ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार शनिवार को जिला न्यायालय परिसर कोंडागांव में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 43,407 प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से निराकरण करते हुए 2,57,23,206 रुपए का अवार्ड पारित किया गया।
वर्चुअल माध्यम से हुआ शुभारंभ
नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इसके बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने न्यायालय परिसर में मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
आठ खंडपीठों का किया गया गठन
लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिला न्यायालय कोंडागांव में तीन, तालुका विधिक सेवा समिति केशकाल में एक, नारायणपुर में दो तथा राजस्व न्यायालय कोंडागांव एवं नारायणपुर में एक-एक खंडपीठ का गठन किया गया। कुल आठ खंडपीठों के माध्यम से विभिन्न लंबित और प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।
विभिन्न मामलों का हुआ समाधान
लोक अदालत में आपराधिक, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी, ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, ट्रैफिक चालान, बिजली बिल, नगरपालिका, दूरसंचार, पारिवारिक विवाद, मध्यस्थता एवं सिविल मामलों का निराकरण किया गया।
मोटर दुर्घटना दावा के 18 प्रकरणों में 2 करोड़ 5 लाख 15 हजार रुपए का अवार्ड पारित हुआ। वहीं चेक बाउंस मामलों में 7 लाख 33 हजार 348 रुपए, बिजली बिल मामलों में 3 लाख 13 हजार 677 रुपए तथा नगरपालिका मामलों में 5 लाख 87 हजार 340 रुपए की राशि प्राप्त हुई।
स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित
लोक अदालत के दौरान जिला चिकित्सालय कोंडागांव की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज से आए पक्षकारों का बीपी एवं शुगर परीक्षण कर दवाइयों का वितरण किया गया।
साथ ही अधिकार मित्रों द्वारा शॉर्ट वीडियो के माध्यम से विधिक जागरूकता का प्रचार-प्रसार भी किया गया।
पौधा भेंट कर किया सम्मानित
नेशनल लोक अदालत में समाधान प्राप्त करने वाले पक्षकारों को न्यायाधीशों द्वारा काजू, जामुन, आंवला और नींबू के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य न्याय के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से लोक अदालत का सफल आयोजन संपन्न हुआ।








