ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । बस्तर संभाग के कमिश्नर ने शुक्रवार को कोंडागांव जिले के ग्राम संबलपुर और बम्हनी में आयोजित बस्तर मुन्ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों से चर्चा कर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
जरूरी दस्तावेजों के शत-प्रतिशत निर्माण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और राशन कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र ग्रामीणों के दस्तावेजों का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण पर जोर
कमिश्नर डोमन सिंह ने फ़ौती नामांतरण के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड शासन की अधिकांश योजनाओं का महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसलिए सभी नागरिकों के आधार कार्ड निर्माण और त्रुटि सुधार कार्य में विशेष ध्यान दिया जाए।
हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और सामग्री का वितरण
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। ग्राम संबलपुर में 6 हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र, 6 को आयुष्मान कार्ड, 10 को बी-1 खसरा, 3 को मतदाता परिचय पत्र, 15 को जाति प्रमाण पत्र और 3 लोगों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए।
वहीं ग्राम बम्हनी में राजस्व विभाग द्वारा 7 बी-1 नकल और 2 डिजिटल किताब वितरित की गई। इसके अलावा मनरेगा के 4 जॉब कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 आयुष्मान कार्ड, 2 जन्म प्रमाण पत्र, 5 मतदाता परिचय पत्र, 5 जाति प्रमाण पत्र तथा 2 विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
प्रतिभावान बच्चों का हुआ सम्मान
शिविर में गांव के प्रतिभावान स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष , जिला पंचायत सीईओ , शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक , एसडीएम , तहसीलदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








