ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी द्वारा शराब पीने से मना करने पर नाराज रहता था। इसी बात को लेकर उसने घर में रखे डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम (35 वर्ष) निवासी ग्राम चिपावण्ड डोंडिया पारा, थाना एवं जिला कोण्डागांव बताया गया है।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 05 मई 2026 को प्रार्थी सिंगलु मंडावी ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 30 अप्रैल 2026 को ग्राम खड़का के लोगों ने सूचना दी कि उसका साला पीतम कोर्राम शराब के नशे में अपनी पत्नी सुखदई कोर्राम के साथ गाली-गलौज कर रहा था और उसने डंडे से सिर पर हमला कर दिया है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुखदई कोर्राम को पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 03 मई 2026 को दोपहर 2:50 बजे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा एवं एसडीओपी श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी शराब पीने को लेकर बार-बार ताना मारती थी, जिससे वह परेशान था। इसी गुस्से में उसने डंडे से हमला कर हत्या कर दी।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक मरकाम, साइबर सेल से सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र बघेल तथा आरक्षक संतोष कोड़ोपी और बिरजू सोरी का विशेष योगदान रहा।








