ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
जल संरक्षण और पौधरोपण अभियान पर फोकस
राज्यपाल ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधरोपण करने और जल संचयन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा से पहले और बाद में जल स्तर का आकलन करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को शामिल करने पर जोर दिया।
फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश
राज्यपाल ने कहा कि बदलते परिदृश्य में अब सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति समूहों को प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लाभान्वित करने पर भी जोर दिया।
महिला सशक्तिकरण और आजीविका पर विशेष ध्यान
उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास, स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण और उत्पादों के मूल्य संवर्धन के लिए मार्केटिंग चैन विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने और उसके उत्पादों के लिए सप्लाई चेन तैयार करने की बात कही।
शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं पर जोर
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को एनसीसी से जोड़ने, योग को दैनिक जीवन में अपनाने और बालिकाओं व महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने 08 मई को स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर स्तन कैंसर स्क्रीनिंग कराने को कहा।
नशामुक्ति, टीबी उन्मूलन और सामाजिक जागरूकता पर निर्देश
उन्होंने पेंशन प्रकरणों के समय पर निराकरण, नशे की प्रवृत्ति पर रोकथाम, टीबी उन्मूलन और रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने के लिए सक्रिय पहल करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने प्रस्तुत की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट
बैठक में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन और नवाचार की जानकारी प्रस्तुत की। विभिन्न विभागों ने जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, ट्रैफिक जागरूकता और अन्य योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट दी।
बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








