ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले के डोंगरीगुड़ा राउतपारा में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान सामूहिक भोज के बाद कुछ लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रभावित लोगों में उल्टी और दस्त के लक्षण पाए गए थे। सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
विवाह समारोह के बाद बिगड़ी तबीयत
बताया गया कि सगई राम यादव के यहां आयोजित विवाह कार्यक्रम के तीसरे दिन सामूहिक भोज में शामिल कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। 2 मई को इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई।
तत्काल लगा स्वास्थ्य शिविर, 46 लोगों का उपचार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के अनुसार उसी दिन स्कूल में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर लगाया गया और घर-घर सर्वे किया गया। कुल 46 लोगों का उपचार किया गया, जिनमें 20 मरीज उल्टी-दस्त से पीड़ित थे, जबकि 26 अन्य सामान्य समस्याओं से ग्रसित पाए गए।
गंभीर मरीजों को किया गया रेफर, अब सभी स्वस्थ
दो गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जो अब पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं आज तीन नए मरीजों में दस्त के लक्षण पाए गए और एक बच्चे का उल्टी के लिए उपचार किया गया।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, एहतियात जारी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पूर्व के सभी मरीज अब स्वस्थ हैं और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य शिविर अभी भी जारी रखा गया है।
प्रशासन ने लिया जायजा, जांच जारी
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर एसडीएम श्री अजय उरांव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं फूड सेफ्टी ऑफिसर द्वारा भोजन में संक्रमण की आशंका को लेकर जांच भी की गई है।








