ब्यूरो रिपोर्ट रवि गहने खैरागढ़ (जालबांधा रेंगाकटेरा)जालबांधा क्षेत्र के ग्राम रेंगाकटेरा में पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी टंकी से सप्लाई होने वाला पानी पाइपलाइन लीकेज के कारण दूषित होकर घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बाजार चौक के पास स्थित पानी सप्लाई पाइप फूट गया है और उसी लाइन से पूरे गांव में पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके चलते पानी में गंदगी मिल रही है, जिससे पेट दर्द, उल्टी, दस्त और हैजा जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि यह समस्या पिछले लगभग एक महीने से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं किया गया है। हैरानी की बात यह है कि यह स्थिति ग्राम पंचायत के सामने ही बनी हुई है, फिर भी जिम्मेदारों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होती और उसी स्थान के आसपास बाजार भी लगता है, जिससे गंदगी और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि संभावित बीमारियों से बचाव हो सके।
👉 नल-जल योजना के तहत हर घर शुद्ध पानी पहुंचाने का लक्ष्य है, लेकिन रेंगाकटेरा में हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं।


