ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले के विकासखण्ड केशकाल में “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम के अंतर्गत गांव-गांव में सर्वे कार्य तेज़ी से जारी है। इस अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है।
एनसीएईआर सर्वे के आधार पर योजनाओं का क्रियान्वयन
एनसीएईआर सर्वेक्षण के परिणामों के आधार पर व्यक्तिमूलक योजनाओं का संतृप्तिकरण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे परिवारों की पहचान की जा रही है, जो अब तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित हैं।
“बस्तर मुन्ने” का अर्थ और उद्देश्य
गोंडी भाषा में “बस्तर मुन्ने” का अर्थ “अग्रणी बस्तर” है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विकास को गति देना है।
31 योजनाओं से वंचित परिवारों को मिलेगा लाभ
अभियान के अंतर्गत “नियद नेल्लानार” के तहत चिन्हित 31 जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्राम पंचायत स्तर पर हो रहा सर्वे कार्य
विकासखण्ड केशकाल में 21 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संभावित हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
संतृप्तता शिविरों का होगा आयोजन
आगामी दिनों में ग्राम पंचायत, क्लस्टर और विकासखण्ड स्तर पर संतृप्तता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों को सीधे योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
यह अभियान जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।








