ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । तहसील मुख्यालय मर्दापाल के सीमा क्षेत्र में देशी/विदेशी मदिरा दुकान खोलने के प्रस्ताव का सर्व समाज ने कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में जिला कलेक्टर कोण्डागांव को ज्ञापन सौंपते हुए प्रस्तावित प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई है।
निविदा प्रक्रिया निरस्त करने की मांग
सौंपे गए ज्ञापन में कार्यालय कलेक्टर (आबकारी) जिला कोण्डागांव के आदेश क्रमांक आब./निविदा/2026/416 दिनांक 11 मार्च 2026 का हवाला दिया गया है। इसमें बताया गया कि मर्दापाल सीमा क्षेत्र में मदिरा दुकान संचालन हेतु 30 मार्च 2026 तक तकनीकी एवं वित्तीय निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
सर्व समाज ने इस पूरी प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग उठाई है।
युवाओं और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव की चिंता
ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक संपत्ति उसके स्वस्थ और स्वच्छ सोच वाले नागरिक होते हैं। यदि मर्दापाल क्षेत्र में शराब दुकान खोली जाती है, तो इसका दुष्प्रभाव युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित पूरे समाज पर पड़ेगा।
इससे सामाजिक वातावरण बिगड़ने, अपराध, घरेलू हिंसा और अन्य समस्याओं के बढ़ने की आशंका जताई गई है।
जनभावनाओं का सम्मान करने की अपील
सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मदिरा दुकान खोलने की प्रक्रिया एवं निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इन लोगों ने किया समर्थन
ज्ञापन पर सर्व आदिवासी समाज मर्दापाल के ब्लॉक अध्यक्ष रामनाथ नाग, सरपंच सत्यवती कश्यप (हसलनार), सुदर पोयाम (कोया कुटमा समाज अध्यक्ष), उमेश मण्डावी (हथकली), जयाराम मण्डावी (मटवाल), दशरु नेताम (जनपद सदस्य बयानार), जुगाय (सरपंच हड़ेली) सहित कई जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।








