ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । केशकाल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और एक कार जब्त की है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 11 लाख 20 हजार 760 रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल श्री अरूण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गांजा, शराब तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान 05 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की वोक्सवैगन कार (क्रमांक MH02 BR 0045) में कुछ लोग उड़ीसा से रायपुर की ओर अवैध गांजा ले जा रहे हैं।
पुलिस ने पीछा कर आरोपी को दबोचा
सूचना के आधार पर थाना केशकाल के सामने एमसीपी लगाकर वाहन की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से कांकेर की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने शासकीय वाहन से पीछा किया और दादरगढ़ पुलिस सहायता केंद्र के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन बैरिकेडिंग को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। चालक वाहन से कूदकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
कार से 112 किलो से अधिक गांजा बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैतान सिंह गौर (28 वर्ष) निवासी मुरलिया, तहसील बैगुन, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से 27 पैकेट में पैक 112.076 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 11,20,760 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा के साथ कार को भी जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास बघेल, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक प्रशांत जुर्री, आरक्षक मानिक मरापी, गिरधारी नेताम, कमलेश कंवर, अमित मण्डावी तथा गोपनीय सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








