Buy Advt. Space

कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने कृषि विज्ञान केन्द्र बोरगांव की गतिविधियां देखीं

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने गुरुवार को बोरगांव स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का दौरा कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पशुपालन इकाइयों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पशुपालन कार्य योजना के अंतर्गत निर्मित हो रहे बतख पालन, बकरी पालन, मछली पालन तथा शुकर पालन के शेड निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पौधों के संरक्षण और नर्सरी विकास पर जोर

कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में बोगनवेलिया की विभिन्न किस्मों के संरक्षण और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही गमलों में बौनी (ड्वार्फ) किस्म की बोगनवेलिया तथा यूफोर्बिया के प्रवर्धन का प्रयास करने और सभी पौधों पर नाम पट्टिका के साथ आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण और नई परियोजनाओं की तैयारी

उन्होंने केंद्र में माली (गार्डनर) प्रशिक्षण, सजावटी (ऑर्नामेंटल) नर्सरी तथा एग्रीवोल्टैक्स से संबंधित परियोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही विभिन्न इकाइयों के सुचारू संचालन के लिए सोलर प्लांट स्थापना हेतु क्रेडा को कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

राजस्व मॉडल और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी पशु इकाइयों के लिए राजस्व मॉडल तैयार करने तथा पशु सखी को इससे लाभान्वित करने पर भी जोर दिया। साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र कोण्डागांव के लिए आगामी तीन वर्षों की प्रगतिशील कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

अधिकारी और विशेषज्ञ रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम श्री अश्वन कुमार पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ श्री रूपेंद्र नेताम, डीएमसी श्री ईमल बघेल सहित कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सुरेश कुमार मरकाम, डॉ. हितेश कुमार मिश्रा, पशुधन उत्पादन प्रबंधन विशेषज्ञ तथा डॉ. बिपलब चौधरी (मृदा विशेषज्ञ) उपस्थित रहे।

Leave a Comment