Buy Advt. Space

धामनपुर स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण, उच्च जोखिम गर्भवती निगरानी पर जोर

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी ने धामनपुर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित सेवाओं की समीक्षा की और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मितानिन संकुल बैठक का अवलोकन

निरीक्षण के दौरान आयोजित मितानिन संकुल बैठक का अवलोकन करते हुए उन्होंने गांव एवं पारा स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से समुदाय से संपर्क बनाए रखने और योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

उच्च जोखिम गर्भवती माताओं की निगरानी पर विशेष जोर

डॉ. चतुर्वेदी ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित प्रसव की कार्ययोजना एवं फॉलोअप रजिस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक चिन्हित गर्भवती महिला की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत निर्धारित दिवस पर सभी गर्भवती माताओं की अनिवार्य जांच की जाए।

स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उप स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, रखरखाव और परिसर की सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आमजन के लिए संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी सूचना पटल पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को केंद्र में निवास कर नियमित सेवाएं देने के निर्देश दिए।

दवाओं एवं सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आवश्यक दवाओं एवं जांच संबंधी सामग्री कीट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। मितानिन दवा पेटी की नियमित रिफिलिंग सुनिश्चित करने तथा दवा वितरण रजिस्टर को अद्यतन रखने पर भी विशेष बल दिया।

Leave a Comment